लालू-राबड़ी को फिर मिली Z श्रेणी की सुरक्षा, बिहार सरकार ने बहाल की व्यवस्थ
बिहार सरकार ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने दोनों नेताओं की Z श्रेणी की सुरक्षा दोबारा बहाल कर दी है। इसके साथ ही उन्हें बुलेटप्रूफ वाहन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
पटना: बिहार सरकार ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने दोनों नेताओं की Z श्रेणी की सुरक्षा दोबारा बहाल कर दी है। इसके साथ ही उन्हें बुलेटप्रूफ वाहन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
करीब एक महीने पहले राज्य सरकार ने वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की Z+ सुरक्षा वापस ले ली थी। उस फैसले को लेकर राजनीतिक विवाद भी हुआ था। राजद ने आरोप लगाया था कि विपक्ष के प्रमुख नेताओं को निशाना बनाने के उद्देश्य से उनकी सुरक्षा कम की गई है, जबकि सरकार ने इसे खतरे के आकलन के आधार पर लिया गया नियमित प्रशासनिक निर्णय बताया था।
फिर मिली Z श्रेणी की सुरक्षा
ताजा फैसले के तहत दोनों नेताओं को फिर से Z श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मी और बुलेटप्रूफ वाहन शामिल हैं। यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब लालू-राबड़ी परिवार हाल ही में पटना के 10, सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को खाली कर अपने निजी आवास में शिफ्ट हुआ है।
हालांकि, सरकार की ओर से सुरक्षा बहाल करने के पीछे किसी विशेष खतरे का सार्वजनिक रूप से खुलासा नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा से जुड़े निर्णय समय-समय पर खतरे के आकलन और सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर लिए जाते हैं।